गुरुग्राम। मेदांता अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया कि वह पूरी तरह होश में हैं, सभी जरूरी स्वास्थ्य मानक सामान्य हैं और उनका इलाज उनकी सहमति से जारी है। वांगचुक के अनशन का 26वां दिन है और उन्हें हाईकोर्ट के निर्देश पर दो दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका उपचार चल रहा है। वांगचुक ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर भरोसा दिलाए और प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न करने का आश्वासन दे, तो वह तुरंत अनशन समाप्त करने को तैयार हैं। उन्होंने सरकार को भेजे पत्र में पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा, प्रभावित परिवारों को मुआवजा और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर विचार जैसी मांगें भी रखी हैं। इस बीच विपक्षी सांसदों को अस्पताल में उनसे मिलने की अनुमति नहीं मिली, जबकि कांग्रेस नेताओं को संभावित प्रदर्शन के मद्देनजर घरों में नजरबंद किया गया।
सोनम वांगचुक की हालत स्थिर, सरकार के भरोसे पर अनशन खत्म करने को तैयार




