श्योपुर। जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र में खितरपाल गांव के पास गुरुवार रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार ट्रॉली में सवार लोग भात मांगने के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी रास्ते में वाहन असंतुलित होकर पलट गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है और चार घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1 लाख और अन्य घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता देने के निर्देश दिए हैं, जबकि प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।
श्योपुर में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, 4 महिलाओं की मौत; 28 घायल




