गुरुग्राम। सस्ते दाम पर सोने के सिक्के-बिस्कुट देने का लालच देकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2.30 करोड़ रुपए नकद और लगभग 678 ग्राम (करीब 68 तोला) सोना बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पहले असली सोने-चांदी के सिक्के दिखाकर लोगों का भरोसा जीतता था और बाद में नकली (पीतल) सिक्के देकर करोड़ों की ठगी करता था। आरोपी खुद को गरीब मजदूर बताकर कहते थे कि उन्हें खुदाई में सोना मिला है और जांच के नाम पर लोगों को फंसाते थे। हाल ही में गुरुग्राम के एक एक्सपोर्टर से करीब 2.49 करोड़ रुपए और 50 तोला सोना इसी तरह ठगा गया। जांच के बाद क्राइम ब्रांच ने गुजरात और गुरुग्राम से आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने खुलासा किया कि गैंग का सरगना प्रभु पिछले 25 साल से इस तरह की ठगी कर रहा है और पहले भी कई मामलों में शामिल रहा है, यहां तक कि फिल्मी हस्तियां भी इस गिरोह का शिकार हो चुकी हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
गुरुग्राम में सस्ते सोने के नाम पर ठगी: 2.30 करोड़ कैश और 678 ग्राम सोना बरामद, 4 आरोपी गिरफ्तार




