भोपाल। टीटी नगर थाना क्षेत्र के तरुण पुष्कर स्विमिंग पूल में बुधवार शाम एक 63 वर्षीय कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार शाहपुरा निवासी संजय त्यागी रोजाना की तरह स्विमिंग के लिए पहुंचे थे, लेकिन शाम करीब छह बजे अचानक पानी में ही बेसुध हो गए। पूल में मात्र चार फीट पानी होने के कारण प्रारंभिक तौर पर साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। मौके पर मौजूद ट्रेनर ने तुरंत उन्हें बाहर निकालकर सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन उनकी सांसें वापस नहीं लौटीं। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का खुलासा हो सकेगा।
स्विमिंग पूल में कारोबारी की संदिग्ध मौत, साइलेंट अटैक की आशंका




