90 रन की धमाकेदार जीत से भारत ने सीरीज पर कसा शिकंजा, कई बड़े रिकॉर्ड भी बने

Must read

नई दिल्ली। भारत ने दूसरे टी-20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 90 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई।

इस जीत के साथ भारत ने साल 2026 में नौवीं बार टी-20 में 200 या उससे अधिक का स्कोर बनाया और 2024 में बनाए गए एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा 200+ स्कोर के अपने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। वहीं, रनों के लिहाज से यह टी-20 इंटरनेशनल में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत रही। इससे पहले 2024 में हरारे में भारत ने 100 रन से मुकाबला जीता था। दूसरी ओर, जिम्बाब्वे के ओपनर ब्रायन बेनेट ने टी-20 क्रिकेट में अपने 2,000 रन पूरे किए और यह उपलब्धि हासिल करने वाले देश के तीसरे बल्लेबाज बने। इस सूची में सिकंदर रजा 3,144 रन के साथ शीर्ष पर हैं।

मुकाबले में कई यादगार पल भी देखने को मिले। तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया और पूर्व भारतीय स्पिनर मुरली कार्तिक ने उन्हें डेब्यू कैप सौंपी। यश ने अपने पहले ही मैच में 4 ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट झटके और ब्रायन बेनेट को आउट कर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट भी हासिल किया। वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने रिचर्ड नगारवा के एक ओवर में चौका, छक्का और लगातार दो चौके जड़ते हुए 9 गेंदों में 20 रन बनाए।

मैच के दौरान जिम्बाब्वे के रयान बर्ल ने शानदार एथलेटिक फील्डिंग करते हुए बाउंड्री लाइन पर संभावित छक्का बचाया। वहीं, फील्डिंग के दौरान ब्रायन बेनेट का तेज शॉट तिलक वर्मा के पेट पर लगने से वह कुछ देर के लिए चोटिल हो गए। बाद में फिजियो ने मैदान पर उनका उपचार किया, जिसके बाद खेल आगे जारी रहा।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article