गुरुग्राम। न्यू पालम विहार की एक कोठी में 38 वर्षीय कार ड्राइवर राजेश ने बेसमेंट में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। राजेश उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के गोपियापुर गांव का रहने वाला था। वह पिछले 15 वर्षों से के-ब्लॉक निवासी सुरेंद्र दुग्गल की कार चलाता था और अपनी पत्नी, 6 वर्षीय बेटे तथा 3 वर्षीय बेटी के साथ मालिक के मकान में ही रह रहा था। सूचना मिलने पर पालम विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे राजेश ने परिवार के साथ सामान्य माहौल में नाश्ता किया था। उस समय उसके व्यवहार में किसी तरह का तनाव या असामान्यता नजर नहीं आई। नाश्ते के बाद वह घर के बेसमेंट में गया, जहां करीब 11 बजे उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
करीब 12 बजे परिवार का एक सदस्य बेसमेंट में पहुंचा तो घटना का पता चला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को नागरिक अस्पताल भेज दिया।
जांच अधिकारी एएसआई विनोद ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। राजेश ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




