सीवर खुदाई के दौरान मिट्टी धंसी, जेसीबी चालक की दर्दनाक मौत

Must read

फरीदाबाद। सेक्टर-31 थाना क्षेत्र में सेक्टर-28 के पास दिल्ली-मथुरा-आगरा हाईवे की सर्विस रोड किनारे सीवर लाइन की खुदाई के दौरान रविवार को बड़ा हादसा हो गया। करीब 10 से 12 फीट गहरे गड्ढे में मिट्टी धंसने से 32 वर्षीय जेसीबी चालक जहिर दब गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने दूसरी जेसीबी की मदद से करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया।

दोपहर करीब 3 बजे सीवर लाइन की खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी का अगला हिस्सा (बकेट) मिट्टी और पत्थरों में फंस गया। इसे निकालने के लिए जहिर जेसीबी से उतरकर गड्ढे में गया। तभी अचानक मिट्टी भरभराकर उसके ऊपर गिर गई और वह पूरी तरह दब गया। हादसे के समय मौजूद उसका हेल्पर भी मिट्टी धंसने की चपेट में आया, लेकिन किनारे होने के कारण उसकी जान बच गई। उसके हाथ और पैरों में चोटें आई हैं।

मृतक के भाई मुबारिक ने बताया कि जहिर मूल रूप से मेवात का रहने वाला था और पिछले 5-6 वर्षों से जेसीबी चालक के रूप में काम कर रहा था। वह शादीशुदा था और उसके चार बच्चे, दो बेटे और दो बेटियां हैं। कुछ महीने गांव में रहने के बाद उसे 2-4 दिन पहले ही दोबारा जेसीबी चलाने का काम मिला था। बकेट फंसने पर उसे निकालने के लिए वह गड्ढे में उतरा था, तभी यह हादसा हो गया।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में सीवर लाइन की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से जहिर की मौत होना सामने आया है और मामले में कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article