फरीदाबाद। सोशल मीडिया पर घर बैठे मोटी कमाई का झांसा देकर साइबर ठगों ने फरीदाबाद के एक व्यक्ति से 6 लाख 94 हजार 800 रुपये ऐंठ लिए। फेसबुक पर मिले एक लिंक से शुरू हुआ मामला व्हाट्सएप ग्रुप और फिर टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क तक पहुंच गया। आरोपियों ने पार्ट टाइम और फुल टाइम काम के बदले आकर्षक मुनाफे का भरोसा दिलाया। पीड़ित ने कमाई की उम्मीद में लगातार रकम जमा कराई, लेकिन न तो कोई मुनाफा मिला और न ही निवेश किए गए पैसे वापस हुए।
मामले की जांच करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने राजस्थान के झालावाड़ जिले से एक बैंक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ठगी की रकम में से 50 हजार रुपये आरोपी के खाते में पहुंचे थे।
फेसबुक पर मिला लिंक, व्हाट्सएप ग्रुप में कमाई का ऑफर
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, सेक्टर-11 निवासी प्रशांत ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
प्रशांत ने बताया कि वह फेसबुक पर सर्फिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक लिंक दिखाई दिया, जिसके जरिए वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गए।
ग्रुप में उन्हें पार्ट टाइम और फुल टाइम काम करके अच्छी कमाई करने का प्रस्ताव दिया गया। आरोपियों ने घर बैठे ऑनलाइन काम पूरा करने के बदले पैसे मिलने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद प्रशांत को टेलीग्राम पर टास्क पूरे करने के लिए कहा गया।
प्रीपेड टास्क के नाम पर जमा कराए ₹6.94 लाख
शिकायत के मुताबिक, टेलीग्राम पर टास्क पूरे करने की प्रक्रिया के दौरान अधिक मुनाफा कमाने के लिए पहले पैसे जमा कराने की शर्त रखी गई।
प्रशांत ने बेहतर रिटर्न मिलने की उम्मीद में अलग-अलग प्रीपेड टास्क के लिए रकम जमा करानी शुरू कर दी।
इस तरह उन्होंने कुल 6,94,800 रुपये जमा करा दिए। हालांकि रकम जमा होने के बाद उन्हें न तो वादा किया गया मुनाफा मिला और न ही मूल धनराशि वापस की गई।
ठगी का एहसास होने पर प्रशांत ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
बैंक ट्रांजैक्शन से राजस्थान के युवक तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने ठगी की रकम के लेनदेन की पड़ताल की। इसमें सामने आया कि पीड़ित से ठगे गए पैसों में से 50 हजार रुपये राजस्थान के झालावाड़ जिले के गांव आवर निवासी विशाल मेहर के बैंक खाते में ट




