रिटर्न पार्सलों से लाखों का सामान उड़ाने वाला गिरोह पकड़ा गया

Must read

गुरुग्राम। पुलिस ने एक वेयरहाउस से करीब 6 लाख रुपए के इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी और गबन के मामले में कंपनी के एक डिलीवरी बॉय समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि रिटर्न किए गए पार्सलों से असली इलेक्ट्रॉनिक सामान निकालकर उसकी जगह दूसरी वस्तुएं रख दी जाती थीं।

मामले में यूआर लॉजिस्टिक के एक अधिकारी ने 20 जुलाई को थाना सदर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, कंपनी ने 26 जून को साहिल अल्वी को डिलीवरी बॉय के रूप में नियुक्त किया था। 12 जुलाई को ऑडिट के दौरान कई रिटर्न पार्सलों से मूल इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब मिला। जांच में सामने आया कि सभी संदिग्ध डिलीवरी और रिटर्न साहिल अल्वी की आईडी से किए गए थे। रिकॉर्ड के अनुसार, गायब सामान की कुल कीमत करीब 6 लाख रुपए है, जिसके बाद विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद साहिल अल्वी, चांद, विकास और गुरप्रीत उर्फ जोरावर को गिरफ्तार किया। साहिल को 22 जुलाई को गुरुग्राम के पलड़ा गांव से, चांद को 24 जुलाई को गाजियाबाद से, विकास को 24 जुलाई को दिल्ली से और गुरप्रीत को 26 जुलाई को दिल्ली से पकड़ा गया। साहिल को चार दिन और चांद व विकास को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि साहिल अपने साथियों चांद और विकास के साथ मिलकर रिटर्न पार्सलों से असली इलेक्ट्रॉनिक सामान निकालता था और बाद में इन्हें गुरप्रीत को बेच देता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मार्शल स्पीकर भी बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य बरामदगी के साथ इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article