बंद मकान से महिला का शव मिलने से सनसनी, पति-बेटी लापता

Must read

गाजियाबाद। पूजा कॉलोनी में सोमवार को एक बंद मकान से करीब 40 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। कमरे से तेज बदबू आने पर मकान मालिक और पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

घटना बुध बाजार स्थित हनुमान मंदिर वाली गली की है। पड़ोसियों के अनुसार, मकान पर 25 जुलाई से ताला लगा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा खोलने पर कमरे के अंदर महिला का शव मिला। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

मृतका की पहचान मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी प्रमिला के रूप में हुई है, जो पूजा कॉलोनी में पुष्पा देवी के मकान में किराए पर रहती थीं। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह उनकी दूसरी शादी थी। उनके पति पवन की पहली पत्नी से दो बेटियां हैं। रिश्तेदारों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। घटना के बाद से पवन अपनी सात वर्षीय बेटी विद्या के साथ लापता है, जिससे उस पर संदेह गहरा गया है।

पुलिस के अनुसार, शव करीब तीन से चार दिन पुराना है। एसीपी लोनी राम किशन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फरार पति और बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article