फरीदाबाद। जिले के पल्ला थाना क्षेत्र में दुर्गा बिल्डर के पास पानी से भरे स्थान में 52 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक रविवार दोपहर अपने एक दोस्त के साथ पार्टी करने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह उसका शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान विनय नगर गली नंबर-7 निवासी गणेश कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के रहने वाले थे। वह कई वर्षों से फरीदाबाद में परिवार के साथ रह रहे थे और निजी वाहन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर विनय नगर गली नंबर-9 निवासी अभय सिंह उन्हें पार्टी के लिए अपने साथ ले गया था। रात में गणेश कुमार ने फोन पर जल्द घर लौटने की बात कही, लेकिन कुछ देर बाद उनका मोबाइल बंद हो गया।
परिजनों ने अभय सिंह से संपर्क किया तो उसने बताया कि वह गणेश कुमार को दुर्गा बिल्डर के पास छोड़कर घर लौट आया था। इसके बाद परिवार ने डायल-112 पर सूचना देकर उनकी तलाश शुरू की। देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह परिजन दोबारा अभय सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास तलाश के दौरान पानी में गणेश कुमार का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का आरोप है कि गणेश कुमार और अभय सिंह पिछले करीब 15 वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। उनका कहना है कि मृतक के सिर पर कई चोटों के निशान थे और पत्थरों से हमला कर हत्या करने के बाद शव को पानी में फेंका गया। हालांकि, पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




