नोएडा। सेक्टर-62 स्थित बी-ब्लॉक मार्केट में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में सेक्टर-58 थाना पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक 16 जुलाई की रात सर्फाबाद निवासी उज्जवल त्यागी पर दो कारों में सवार आठ-नौ युवकों ने अभद्रता का विरोध करने पर हमला कर दिया था। आरोपियों ने पहले उसे दुकान से बाहर खींचकर थप्पड़, लात-घूंसों से पीटा, फिर कार के बोनट पर गिराकर मारपीट की और बाद में ईंट से उसके सिर और छाती पर वार कर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार्रवाई की मांग तेज हो गई थी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष कुमार सिंह, आयुष मिश्रा, कपिंदर सिंह, आत्मन मिश्रा और सुमित के रूप में हुई है, जो वर्तमान में ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 क्षेत्र में किराये पर रहते हैं। सभी आरोपियों को हत्या के प्रयास के आरोप में न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
युवक पर ईंट से जानलेवा हमला करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार




