इंदौर। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के निवास के बाहर बिना अनुमति प्रदर्शन करने पहुंचे प्रहलाद पाण्डेय और उनकी पत्नी संगीता के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने अपनी गलती स्वीकार की और यह भी सामने आया कि उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। साथ ही टंट्याभील चौराहे पर चल रहे छात्रों के धरने में भी लोगों को मंत्री के घर के बाहर प्रदर्शन के लिए बुलाया था, लेकिन कोई उनके साथ नहीं पहुंचा। पुलिस को प्रदर्शन की सूचना करीब एक घंटे पहले सोशल मीडिया से मिल गई थी, जिसके बाद मंत्री के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन नहीं मानने पर उन्हें हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन करने के मामले में कार्रवाई करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 151 सहित संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया।
मंत्री के घर के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे दंपती गिरफ्तार, भेजे गए जेल




