फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र की राजीव कॉलोनी में लिव-इन रिश्ते को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार खूनी वारदात में बदल गया। किराए के मकान की छत पर सो रहे 26 वर्षीय विपिन यादव के सिर में गोली मार दी गई। गंभीर हालत में दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती विपिन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले को हत्या में तब्दील करते हुए आरोपी 28 वर्षीय विजय यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, विजय ने पूछताछ में कथित तौर पर बताया कि विपिन उसकी पत्नी के साथ रह रहा था। उसने पत्नी और विपिन को अलग होने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों तैयार नहीं हुए। पुलिस का दावा है कि इसके बाद आरोपी ने दोनों को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।
छत पर सो रहे विपिन को मारी गोली
पुलिस के अनुसार, वारदात 30 जून की रात राजीव कॉलोनी स्थित किराए के मकान में हुई। विपिन यादव मकान की छत पर सो रहा था, तभी उसके सिर में गोली मार दी गई। गोली लगने के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।
इस मामले में महिला ने अपने पति विजय यादव पर गोली चलाने का आरोप लगाते हुए सेक्टर-58 थाने में शिकायत दी थी। शुरुआत में पुलिस ने हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया था। हालांकि, 2 जुलाई की रात इलाज के दौरान विपिन की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धारा जोड़ दी।
पत्नी को साथ ले जाना चाहता था आरोपी
एसीपी क्राइम अमन यादव के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आरोपी विजय यादव और महिला की शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। महिला की इससे पहले भी शादी हो चुकी थी और उसके चार बच्चे हैं। विजय से शादी के बाद दोनों का एक बच्चा भी हुआ।
पुलिस के अनुसार, पिछले करीब दो-तीन साल से महिला का संपर्क विपिन यादव से था। आरोप है कि वह दो बार विपिन के साथ घर से भी चली गई थी और इन घटनाओं को लेकर पुलिस में शिकायतें भी हुई थीं।
जून के शुरुआती दिनों में महिला फरीदाबाद स्थित राजीव कॉलोनी में अपनी भाभी और बहन से मिलने आई थी। उसने विजय से कथित तौर पर साफ कर दिया कि वह फरीदाबाद में ही रहना चाहती है और गांव वापस नहीं जाएगी। इसके बाद विजय ने उसके लिए राजीव कॉलोनी में किराए पर कमरा दिला दिया।
पत्नी के साथ विपिन भी रहने लगा
पुलिस जांच के मुताबिक, बाद में विपिन यादव भी उसी मकान में आकर रहने लगा। दोनों पास की एक टिफिन बनाने वाली कंपनी में काम करने लगे। विजय ने पत्नी को वापस अपने साथ चलने के लिए कहा, लेकिन महिला ने इनकार कर दिया।
पुलिस का दावा है कि पत्नी के साथ रहने के फैसले से नाराज विजय ने दोनों को खत्म करने की योजना बनाई। इसके बाद वह गांव चला गया।
गांव से हथियार लेकर फरीदाबाद पहुंचा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी 30 जून को गांव से कथित तौर पर देसी कट्टा लेकर फरीदाबाद आया। उसने वहां खाना खाया और रात में विपिन और महिला सोने चले गए।
पुलिस का कहना है कि देर रात विजय ने छत पर सो रहे विपिन के सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर महिला और आसपास के लोग जाग गए। इसी वजह से आरोपी कथित तौर पर महिला को गोली नहीं मार सका और मौके से फरार हो गया।
जांच में पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा और दो कारतूस आरोपी ने मैनपुरी निवासी एक परिचित से 6 हजार रुपये में खरीदे थे। पुलिस अब हथियार बरामद करने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
विपिन की मौत की पुष्टि के बाद आरोपी पकड़ा गया
एसीपी क्राइम के अनुसार, वारदात के बाद विजय फरार हो गया था। शुक्रवार शाम वह कथित तौर पर यह पता लगाने के लिए राजीव कॉलोनी पहुंचा कि विपिन की मौत हुई या नहीं।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच-56 की टीम ने आरोपी को जेसीबी चौक से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से मैनपुरी का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में इटावा में रहता था। पुलिस के अनुसार, वह चिकन की दुकान चलाता है।
12 साल बड़ी है आरोपी की पत्नी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विजय की पत्नी उससे करीब 12 साल बड़ी है। महिला की पहली शादी से चार बच्चे हैं। विजय से शादी के बाद दोनों का एक बच्चा हुआ। पुलिस के अनुसार, विजय पहले परिवार के बच्चों की देखभाल करता था।
हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में महिला के विपिन के साथ रहने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया था। विपिन अविवाहित था।
फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।




