गुरुग्राम। एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने गुरुग्राम से चोरी की गई बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नूंह जिले के पुन्हाना क्षेत्र निवासी सलीम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हथीन के जयंती मोड़ पर गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर प्लेट की चोरी की बाइक बेचने के लिए एक युवक उटावड से हथीन की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उटावड-हथीन रोड बाईपास मोड़ पर नाकाबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। जांच के दौरान बाइक पर नंबर प्लेट नहीं मिली और आरोपी वाहन से संबंधित कोई दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद साइबर सेल की मदद से इंजन और चेसिस नंबर की जांच कराई गई, जिसमें पता चला कि बाइक गुरुग्राम के सुशांत लोक थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
चोरी की बाइक बेचने निकला युवक दबोचा, गुरुग्राम से जुड़ा मामला




