नई दिल्ली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम मंगलवार को FIH प्रो लीग 2025-26 के लंदन लेग के अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान से भिड़ेगी। ली वेली हॉकी सेंटर में होने वाला यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। दोनों टीमें करीब दो साल बाद आमने-सामने होंगी। पिछली बार 2024 एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की बदौलत पाकिस्तान को 2-1 से हराया था। मौजूदा प्रो लीग पॉइंट्स टेबल में भारत 8वें और पाकिस्तान 9वें स्थान पर है। भारत ने रॉटरडैम लेग में नीदरलैंड और जर्मनी जैसी मजबूत टीमों को हराकर वापसी की थी, जबकि पाकिस्तान इस सीजन अपने सभी 12 मैच हार चुका है और रिलीगेशन के खतरे का सामना कर रहा है। FIH प्रो लीग के सातवें सीजन में 9 टीमें हिस्सा ले रही हैं और लीग चरण के अंत में शीर्ष टीम को चैंपियन घोषित किया जाएगा। साथ ही विजेता टीम को 2028 लॉस एंजिलिस ओलिंपिक के लिए सीधा कोटा भी मिलेगा।
FIH प्रो लीग में आज भारत-पाकिस्तान मुकाबला, दो साल बाद आमने-सामने होंगी दोनों टीमें




