इंदौर। झालारिया स्थित शिशुकुंज स्कूल में 100 से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ने की शिकायत के बाद सोमवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने छापा मारकर किचन की जांच की। जांच के दौरान 10 पैकेट एक्सपायर्ड मसाले और नमकीन के 2 एक्सपायर्ड पैकेट मिले, जिसके बाद अधिकारियों ने किचन को सील कर स्कूल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर पहुंची संयुक्त टीम ने खाद्य सामग्री, साफ-सफाई और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया की जांच करते हुए पनीर, आइसक्रीम, मसाले, दूध, दाल, तेल, तैयार भोजन और पीने के पानी समेत 23 नमूने लैब जांच के लिए भेजे हैं। मामला शनिवार को लंच के बाद 100 से ज्यादा बच्चों, जिनमें अधिकांश चौथी कक्षा के छात्र बताए जा रहे हैं, की तबीयत खराब होने से जुड़ा है। वहीं स्कूल प्रबंधन ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किचन में गुणवत्ता मानकों का पूरा पालन किया जाता है, आरओ का पानी उपयोग होता है और बिना प्रमाण के आरोप लगाना उचित नहीं है।
शिशुकुंज स्कूल के किचन में मिले एक्सपायर्ड मसाले, प्रशासन ने किया सील




