ग्रेटर नोएडा। सेक्टर बीटा-1 के बी ब्लॉक में घर के बाहर खेल रही एक बच्ची पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। घटना रविवार शाम की है, जब बच्ची अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान कुछ आवारा कुत्ते वहां पहुंच गए और उसका पीछा करने लगे। बताया जा रहा है कि दो कुत्तों ने बच्ची को गिरा दिया और उसके हाथ-पैर पर काट लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद कुत्ते वहां से भाग गए। हमले में बच्ची को चोटें आई हैं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें कुत्तों को बच्ची का पीछा करते और उस पर हमला करते देखा जा सकता है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। सेक्टर के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय निवासियों ने बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को देखते हुए जल्द समाधान की मांग की है।
आवारा कुत्तों का आतंक, खेल रही बच्ची पर हमला; CCTV में कैद हुई घटना




