ग्वालियर। महाराजपुरा थाना क्षेत्र के आदित्यपुरम स्थित एक रिटायर्ड सूबेदार के घर हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई 7.65 एमएम लाइसेंसी रिवॉल्वर, सोने-चांदी के आभूषण, एलईडी टीवी समेत करीब 8 लाख रुपए का माल बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार वैष्णवीधाम फेस-2 निवासी सेना से रिटायर्ड सूबेदार बृजेश कुमार सिंह ने अक्टूबर 2023 में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी गैरमौजूदगी में चोर घर का ताला तोड़कर जेवरात, 50 हजार रुपए नकद, एलईडी टीवी और रिवॉल्वर चोरी कर ले गए थे। मामले में हजीरा थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी राजकुमार जाटव से पूछताछ के दौरान अहम सुराग मिला, जिसके बाद राजकुमार और उसके साथी प्रदीप राठौर की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी की गई रिवॉल्वर प्रदीप ने देवेंद्र यादव को बेच दी थी। पुलिस ने देवेंद्र को भी गिरफ्तार कर रिवॉल्वर बरामद कर ली है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में पूछताछ कर रही है।
रिटायर्ड सूबेदार के घर हुई चोरी का खुलासा, लाइसेंसी रिवॉल्वर समेत 8 लाख का माल बरामद




