खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां इको वैन चालक ने 25 वर्षीय युवक चंदन को टक्कर मारने के बाद रिवर्स लेकर दूसरी बार भी वाहन चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घायल चंदन उज्जैन का निवासी है और ओंकारेश्वर दर्शन के लिए दोस्तों के साथ जा रहा था। उसके साथी अनुराग राठौर के अनुसार, आरोपी समीर खान रास्ते भर खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए उनकी गाड़ियों को कट मार रहा था और विरोध करने पर धमकी भी दी थी। कुरावद स्थित पेट्रोल पंप के पास चंदन अपने साथियों का इंतजार कर रहा था, तभी आरोपी ने उसे अकेला देखकर वैन से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल चंदन के पेट, कोहनी और पैरों में चोटें आई हैं तथा उसका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटी है।
खरगोन में सनसनीखेज वारदात: युवक को कुचलने के बाद वैन ड्राइवर ने रिवर्स कर दोबारा रौंदा, CCTV में कैद




