धर्मशाला। IPL में सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स ने रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हरा दिया। HPCA स्टेडियम में खेले गए मैच में दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पंजाब ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 210 रन बनाए, जवाब में दिल्ली ने 19 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पंजाब की यह लगातार चौथी हार रही। दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पावरप्ले में ही केएल राहुल, अभिषेक पोरेल और साहिल परख के विकेट गंवा दिए। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स भी रन आउट हो गए। मुश्किल स्थिति में कप्तान अक्षर पटेल ने 30 गेंदों पर 56 रन और डेविड मिलर ने 28 गेंदों पर 51 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी हुई। आखिर में आशुतोष शर्मा ने 10 गेंदों पर 24, माधव तिवारी ने 8 गेंदों पर नाबाद 18 और आकिब नबी ने 2 गेंदों पर नाबाद 10 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर ने 2-2 विकेट लिए। इससे पहले पंजाब के लिए श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों पर नाबाद 59 और प्रियांश आर्या ने 33 गेंदों पर 56 रन बनाए। कूपर कोनोली ने 38 रन का योगदान दिया। दिल्ली के लिए मिचेल स्टार्क और माधव तिवारी ने 2-2 विकेट झटके। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए माधव तिवारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दिल्ली ने रोमांचक मुकाबले में पंजाब को 3 विकेट से हराया




