गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे (NH-48) के पास मानेसर इलाके में नाले की खुदाई के दौरान एक बुजुर्ग महिला पोकलेन मशीन और दीवार के बीच फंस गई, लेकिन लोगों की सतर्कता से उसकी जान बच गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि सर्विस लेन के पास नाला निर्माण का काम चल रहा था और पोकलेन मशीन मिट्टी उठाकर डंपर में भर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे से गुजर रही बुजुर्ग महिला मशीन के कार्य क्षेत्र के करीब पहुंच गई। ऑपरेटर को महिला दिखाई नहीं दी और मशीन घुमाते समय वह दीवार और मशीन के पिछले हिस्से के बीच फंस गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाकर ऑपरेटर को रुकने का इशारा किया, जिसके बाद मशीन पीछे हटाई गई और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि व्यस्त इलाके में बिना बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था के भारी मशीनों से काम किया जा रहा था।
पोकलेन मशीन और दीवार के बीच फंसी बुजुर्ग महिला, लोगों की सतर्कता से बची जान




