इंदौर। शहर के बाणगंगा इलाके में हुए सड़क हादसे में युवक और युवती की मौत हो गई। हादसा लवकुश चौराहे स्थित ब्रिज पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात हुआ। पुलिस के अनुसार पायल चावड़ा और अकरम दोपहिया वाहन से विजय नगर से सुपर कॉरिडोर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ब्रिज पर चढ़ते समय उनकी बाइक रेलिंग से टकरा गई। तेज रफ्तार के कारण पायल उछलकर ब्रिज से नीचे जा गिरी, जबकि अकरम सड़क पर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पायल को मृत घोषित कर दिया। वहीं शनिवार को इलाज के दौरान अकरम ने भी दम तोड़ दिया। बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे। पायल मूल रूप से कालापीपल की रहने वाली थी, जबकि अकरम मंदसौर का निवासी था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंदौर में ब्रिज पर हादसा, रेलिंग से टकराई बाइक; युवक-युवती की मौत




