अहमदाबाद। आईपीएल के मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने टेबल टॉपर पंजाब किंग्स को रोमांचक मैच में 4 विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में गुजरात ने 164 रन का लक्ष्य 19.5 ओवर में हासिल कर लिया। वॉशिंगटन सुंदर ने आखिरी ओवर में छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। इससे पहले पंजाब की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 163 रन ही बना सकी, जहां शुरुआती झटकों के बाद सूर्यांश शेडगे ने 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को संभाला। जवाब में गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान शुभमन गिल जल्दी आउट हो गए, लेकिन साई सुदर्शन ने 57 रन बनाकर जोस बटलर के साथ अहम साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंत में वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया ने मैच खत्म किया। गेंदबाजी में जेसन होल्डर ने 4 विकेट लेकर पंजाब को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका। इस हार के बावजूद पंजाब किंग्स अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है, जबकि गुजरात की जीत से उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं।
गुजरात टाइटंस की शानदार जीत: पंजाब को 4 विकेट से हराकर लगाई लगातार तीसरी बाजी




