गुरुग्राम। गुरुग्राम की 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर पी. राधा गायत्री की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। अंतिम संस्कार के बाद मृतका के पिता परुपुदी सुधाकर दोबारा मसूरी पहुंचे और पुलिस को शिकायत देकर दामाद सौम्या श्रीचरण पर हत्या का संदेह जताया है। उनका आरोप है कि शादी के बाद से उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था और उसकी मौत सामान्य नहीं लगती। पिता ने दावा किया कि गायत्री शराब नहीं पीती थी, इसलिए मामले को शराब या हादसे से जोड़ना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आशंका जताई कि दामाद ने कोल्ड ड्रिंक या किसी पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया होगा। साथ ही आरोप लगाया कि घटना के बाद दामाद ने घटनास्थल की तस्वीरें और वीडियो परिवार को उपलब्ध नहीं कराए। गायत्री 15 जून को मसूरी के एक होमस्टे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली थीं, जहां वह पति के साथ घूमने आई थीं। मृतका के पिता ने पुलिस जांच पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दामाद से विस्तृत पूछताछ की मांग की है। वहीं मसूरी के सीओ जगदीश पंत ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में फिलहाल कोई स्पष्ट संदिग्ध तथ्य सामने नहीं आया है, जबकि विसरा जांच के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर गायत्री की मौत में नया मोड़, पिता ने दामाद पर जताया हत्या का शक




