गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र में छात्र तरुण पर हुई फायरिंग के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसीपी जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि 19 जून को नंदग्राम निवासी तरुण ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आकाश त्यागी और उसके साथियों ने उस पर गोली चलाई, जिसमें उसके हाथ में गोली लगी थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक से मोहन नगर रोड की ओर आ रहे हैं। घेराबंदी कर पुलिस ने 19 वर्षीय आकाश त्यागी, 20 वर्षीय सागर पंडित और 26 वर्षीय राहुल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में राहुल के पास से .32 बोर की पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन पहले तरुण और सागर के बीच मारपीट हुई थी, जिसकी रंजिश में तरुण को बातचीत के बहाने होटल बुलाया गया और विवाद बढ़ने पर राहुल ने गोली चला दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस के अनुसार सागर पंडित के खिलाफ पहले से हत्या, एससी-एसटी एक्ट और मारपीट समेत तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
छात्र पर फायरिंग मामले का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार




