नोएडा। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी 37 वर्षीय रामाकृष्ण पेदगावेगी पेशे से डॉक्टर है और मूल रूप से आंध्र प्रदेश का रहने वाला है। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल के अनुसार आरोपी ने एमबीबीएस और एमडी की पढ़ाई की है। वह सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स पर महिला की फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करता था, विश्वास जीतने के बाद उन्हें निवेश प्लेटफॉर्म पर पैसा लगाने के लिए प्रेरित करता था। शुरुआत में नकली मुनाफा दिखाकर भरोसा दिलाने के बाद वह पीड़ितों से बड़ी रकम निवेश करवा लेता था। जांच में पता चला कि ठगी की रकम म्यूल अकाउंट में जमा कराई जाती थी, जिसकी इंटरनेट बैंकिंग आरोपी के मोबाइल नंबर से संचालित होती थी। इसके बाद वह रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर देता था। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर ग्रेटर नोएडा से आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ शहर के एक पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज किया गया था।
महिला बनकर निवेश का झांसा देने वाला डॉक्टर गिरफ्तार, लाखों की साइबर ठगी का खुलासा




