फरीदाबाद। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सिटी बस सेवा के ड्राइवरों और कंडक्टरों द्वारा की गई हड़ताल गुरुवार देर शाम समाप्त हो गई। अधिकारियों की ओर से अगले महीने से कर्मचारियों के वेतन में 2,900 रुपये की बढ़ोतरी का आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलन वापस लेने पर सहमति बनी। इसके साथ ही शुक्रवार सुबह से शहर में सिटी बसों का संचालन दोबारा शुरू करने का फैसला लिया गया है। वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर करीब 124 कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया था, जिसके चलते 12 रूटों पर चलने वाली लगभग 50 बसों का संचालन पूरे दिन प्रभावित रहा। कर्मचारियों का कहना था कि मौजूदा करीब 21 हजार रुपये मासिक वेतन में बढ़ती महंगाई के बीच परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। हड़ताल के कारण हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें ऑटो, ई-रिक्शा तथा निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा। कई नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत हुई। बस सेवा प्रबंधन के अनुसार कर्मचारियों की मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया गया है और अब सभी बसें अपने निर्धारित रूटों पर सामान्य रूप से संचालित होंगी।
वेतन बढ़ाने के आश्वासन के बाद खत्म हुई सिटी बस कर्मचारियों की हड़ताल, आज से दौड़ेंगी बसें




