नई दिल्ली। तुगलकाबाद इलाके में गुरुवार देर रात एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत पार्किंग में खड़े वाहनों से हुई, जो देखते ही देखते पूरी इमारत में फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। इमारत में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए दमकलकर्मियों को छत का ताला तोड़ना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक रात करीब 2:35 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। संकरी गली में स्थित इमारत तक पहुंचने और बचाव कार्य चलाने में टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन करीब 3:45 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में पार्किंग में खड़ी तीन स्कूटी, दो मोटरसाइकिल और एक साइकिल पूरी तरह जल गईं। आग और धुएं ने ग्राउंड फ्लोर से लेकर पांचवीं मंजिल तक इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे निचली मंजिलों पर अधिक नुकसान हुआ। फायर विभाग के अनुसार छत पर फंसी दो युवतियों समेत कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। यह पिछले दस दिनों में दिल्ली में आग लगने की दूसरी बड़ी घटना है।
पांच मंजिला इमारत में भीषण आग, 3 की मौत; छत का ताला तोड़कर 6 लोगों को बचाया




