नई दिल्ली। दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने करीब दो साल बाद जापान ओपन सुपर-750 का खिताब जीतने के बाद अपनी शानदार वापसी का श्रेय भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को दिया है। 31 वर्षीय सिंधु ने सोशल मीडिया पर बताया कि चोट, खराब फॉर्म और मानसिक दबाव के दौर में उन्होंने विराट से सलाह ली थी। कोहली ने उन्हें ट्रॉफी के पीछे भागने के बजाय खेल में फिर से खुशी तलाशने की सीख दी, जिसने उनकी सोच बदल दी। इसके बाद सिंधु ने अपनी फिटनेस, नेट गेम और ट्रेनिंग पर खास ध्यान दिया। उन्होंने करीब 3.5 किलो वजन कम किया, डेटा आधारित ट्रेनिंग अपनाई और इंडोनेशियाई कोच इरवांशाह व स्ट्रेंथ ट्रेनर वेन लोम्बार्ड के साथ खेल के कई पहलुओं में सुधार किया। वहीं, पैर की चोट के दौरान उनके पति वेंकट दत्ता साई ने भी मानसिक रूप से उन्हें संभालने में अहम भूमिका निभाई। सिंधु ने जापान ओपन के फाइनल में तीन बार की विश्व चैंपियन जापान की अकाने यामागुची को सीधे गेमों में 21-17, 21-17 से हराकर खिताब अपने नाम किया। अब उनका लक्ष्य चीन ओपन, विश्व चैंपियनशिप और लॉस एंजिलिस ओलिंपिक 2028 में स्वर्ण पदक जीतना है।
विराट की सलाह से बदली सोच, सिंधु ने 2 साल बाद जीता खिताब




