देवास। जिले के कन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम चपलासा में संपत्ति विवाद के चलते एक बेटे ने अपने ही पिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। शिकायतकर्ता आशीष गोस्वामी ने बताया कि उसके दादा माधवपुरी गोस्वामी ने करीब आठ साल पहले अपनी संपत्ति तीनों बेटों में बराबर बांट दी थी। बीच वाले बेटे जगदीशपुरी गोस्वामी पर शराब की लत होने और बेरोजगार रहने का आरोप है। परिजनों के अनुसार पिता-पुत्र के बीच विवाद के दौरान जगदीशपुरी ने अपने पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जब आशीष और उसकी पत्नी मौके पर पहुंचे तो माधवपुरी गोस्वामी खाट पर मृत मिले और उनके गले पर गहरा घाव था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।
संपत्ति विवाद में बेटे ने पिता की धारदार हथियार से हत्या की




