फरीदाबाद। धौज थाना क्षेत्र के कुरेशीपुर गांव के पास स्थित तुलसी कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले 35 वर्षीय नीरज मिश्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से बिहार निवासी नीरज घटना के समय घर में अकेला था, जबकि उसके परिजन एक दिन पहले बिहार गए हुए थे। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर पड़ोसियों को शक हुआ। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला तो खिड़की से झांककर देखा गया, जहां नीरज पंखे से लटका मिला। सूचना पर धौज थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और उनके आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फरीदाबाद में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कारणों की जांच में जुटी पुलिस




