फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद शहर की डबुआ कॉलोनी में शुक्रवार देर शाम किराए पर रहने वाले 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मथुरा निवासी पुष्पेंद्र के रूप में हुई है, जो डबुआ कॉलोनी के ए-ब्लॉक में किराए के मकान में रहता था और दिहाड़ी मजदूरी करता था। शाम के समय पड़ोसियों ने उसे घर के अंदर जमीन पर पड़ा देखा। आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार घटना के समय घर के सभी सदस्य काम पर गए हुए थे। पुष्पेंद्र सुबह काम पर गया था, लेकिन दोपहर करीब 2 बजे वापस लौट आया था। परिवार का कहना है कि वह शराब पीने का आदी था और आशंका है कि अधिक शराब पीने से उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। थाना प्रभारी संग्राम दहिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फरीदाबाद में किराएदार की संदिग्ध मौत, घर में जमीन पर मिला शव




