फरीदाबाद। सेक्टर-8 थाना परिसर के मालखाने से 32 लाइसेंसी हथियार चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रूटीन जांच के दौरान हथियारों की संख्या में गड़बड़ी मिलने पर जांच शुरू की गई, जिसमें कई महंगे विदेशी हथियार भी गायब पाए गए। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आईटीआई के माध्यम से अप्रेंटिस पर आए युवक मोनू ने एक-एक कर हथियार चुराए और उन्हें अपने साथियों की मदद से राजस्थान, नोएडा तथा दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में बेच दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर विशेष टीमों ने कार्रवाई कर सभी चोरी हुए हथियार बरामद कर लिए। घटना के बाद मालखाना प्रभारी एएसआई बिजेंद्र सिंह को निलंबित कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में अब तक 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच जारी है। उल्लेखनीय है कि इससे छह दिन पहले फतेहाबाद के सदर थाने के मालखाने से 211 पेटी शराब गायब होने के मामले में भी थाना प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें निलंबित किया गया था।
थाने के मालखाने से 32 हथियार चोरी, अप्रेंटिस युवक निकला मास्टरमाइंड




