ग्वालियर। झांसी रोड थाना क्षेत्र के लखनौती गांव के पास सोमवार शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में 55 वर्षीय गजरा देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके 32 वर्षीय बेटे मोनू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, बिलौआ जौरासी निवासी मोनू यादव अपनी मां को बाइक पर लेकर शहर से लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही स्कॉर्पियो (UP93 CC-1826) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच में स्कॉर्पियो उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी रेखा अहिरवार के नाम पर पंजीकृत मिली है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में सीसीटीवी फुटेज व टोल प्लाजा रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, मां की मौत; बेटा गंभीर घायल




