भोपाल। राजधानी के चूनाभट्टी क्षेत्र स्थित कलियासोत डैम में रविवार को फोटो खिंचवाने के दौरान 17 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। जाटखेड़ी निवासी अंगद दांडे अपने तीन दोस्तों के साथ डैम घूमने पहुंचा था। प्रतिबंधित क्षेत्र में पानी के भीतर फोटो खिंचवाते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद दोस्तों ने शोर मचाकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गोताखोरों ने करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद शव बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां गहरे पानी और मगरमच्छों को लेकर चेतावनी बोर्ड, फेंसिंग और स्टॉपर लगाए गए हैं, लेकिन लोग सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंच जाते हैं। वहीं कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में पानी से भरे गड्ढे में गिरने से तीन वर्षीय मासूम देविका की भी मौत हो गई। बच्ची घर के पास खेलते समय गहरे गड्ढे में गिर गई थी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।
डैम में फोटो खिंचवाना पड़ा भारी, किशोर समेत मासूम की डूबने से मौत




