भोपाल। मिसरोद स्थित सागर रॉयल होम्स में गेट पर वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां तीन युवकों ने एक किसान के साथ मारपीट करने के बाद उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर छीनकर दो फायर कर दिए। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपियों की पूरी हरकत रिकॉर्ड हुई है। पुलिस के अनुसार, किसान हरीश कुमार राय देर रात घर लौटे थे, लेकिन गेट पर खड़ी थार के कारण रास्ता बंद मिला। हॉर्न बजाने के बावजूद वाहन नहीं हटाया गया, जिसके बाद वह दूसरे गेट से अंदर पहुंचे। कुछ देर बाद थार सवार तीनों युवक वहां पहुंचे और कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोपियों ने डंडों से हमला करने के बाद किसान की रिवॉल्वर छीनकर दो गोलियां चलाईं, जिनमें एक गोली उनके पैर में लगने से फ्रैक्चर हो गया, जबकि दूसरी गोली चूक गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से दो खाली कारतूस बरामद किए। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर हर्षित पटेल, अनुभव चौबे और लोकेश रघुवंशी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। घायल किसान का अस्पताल में उपचार जारी है।
गेट पर रास्ता रोकने के विवाद में किसान को मारी गोली, वारदात CCTV में कैद




