मुल्लांपुर। गुजरात टाइटंस ने IPL 2026 के क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। 215 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात ने IPL इतिहास का अपना सबसे बड़ा सफल रनचेज किया और प्लेऑफ इतिहास का सबसे बड़ा लक्ष्य भी हासिल किया। राजस्थान की हार के साथ उसका खिताबी सफर समाप्त हो गया, जबकि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी मैच के बाद डगआउट में भावुक होकर रो पड़े। हालांकि उन्होंने इस मुकाबले में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। वैभव IPL में सबसे कम 440 गेंदों में 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने और सबसे कम 23 पारियों में 1000 रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी भी बने। उन्होंने 96 रन की पारी खेली और एक सीजन के पावरप्ले में 500 से अधिक रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने। दूसरी ओर गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने 104 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि साई सुदर्शन ने 58 रन बनाए। दोनों ने 167 रन की साझेदारी कर IPL प्लेऑफ इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बनाया। गिल और सुदर्शन टी-20 क्रिकेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे ज्यादा 11 शतकीय साझेदारियां करने वाली जोड़ी भी बन गए। मुकाबले के दौरान कई यादगार पल देखने को मिले, जिनमें दो बार टॉस होना, रवींद्र जडेजा का चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट होना, वैभव का 46 रन पर कैच छूटना और हार के बाद उनका भावुक होना शामिल रहा। अब IPL 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।
गुजरात फाइनल में, हार के बाद रो पड़े वैभव सूर्यवंशी




