इंदौर। शहर के पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक कलेक्शन एजेंट से करीब 30 लाख रुपए की लूट का मामला सामने आया है। निहालपुरा इलाके में एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने बर्तन व्यापारियों से कलेक्शन कर लौट रहे मुकेश अग्रवाल को रोककर धमकाया और नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में बर्तन बाजार और मोहनपुरा क्षेत्र के व्यापारियों से एकत्र की गई रकम रखी थी। पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें दोनों आरोपी बैग छीनते हुए नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित ने पंढरीनाथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन थानों की पुलिस टीमों को लगाया गया है तथा आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है।
इंदौर में कलेक्शन एजेंट से 30 लाख की लूट, CCTV में कैद हुई वारदात




