दमोह। जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में सोमवार दोपहर पानी से भरे करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से दो नाबालिग बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम और ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान 10 वर्षीय सोनू यादव और 11 वर्षीय भविष्य यादव के रूप में हुई है। सोनू पांचवीं और भविष्य छठवीं कक्षा का छात्र था। दोनों के शव हटा सिविल अस्पताल में रखे गए हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने गांव के निवासी कंछेदी जैन पर गड्ढा खुदवाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दो साल पहले खुदवाया गया यह गड्ढा बारिश के पानी से भर गया था और इसे बंद कराने की मांग कई बार की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल के सामने बने इस गड्ढे के पास सोमवार को लंच ब्रेक के दौरान दोनों बच्चे खेलने पहुंचे और खेलते समय पानी में डूब गए। वहां मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। लोगों ने गड्ढे में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला और हटा सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रजपुरा थाना प्रभारी शिवनारायण यादव और हटा एसडीओपी कृष्णपाल सिंह अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि यह गड्ढा पेट्रोल पंप के लिए खुदवाया गया था। पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दोनों बच्चों की मौत हुई है। परिजनों की शिकायत और लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है।




