भोपाल। बैरसिया क्षेत्र के ललरिया गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय बच्ची जूना खान की स्कॉर्पियो की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई, जिसमें बच्ची वाहन के नीचे फंसकर करीब 20 फीट तक घिसटती दिखाई दे रही है। पुलिस के अनुसार, बच्ची अपने नाना के साथ दुकान पर गई थी और बाहर निकलते समय संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर गई। कुछ सेकेंड बाद चालक ने बिना बच्ची को देखे स्कॉर्पियो आगे बढ़ा दी, जिससे वह वाहन के नीचे आ गई और पिछले पहिए से सिर कुचल जाने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में उसके लिवर में इंटरनल ब्लीडिंग, सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। मृत बच्ची के पिता सोहेल खान और मां दोनों सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। सूचना पर बैरसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और गांव निवासी स्कॉर्पियो चालक जाकिर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कॉर्पियो की चपेट में आई 3 साल की मासूम, CCTV में कैद हुआ दर्दनाक हादसा




