ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना पुलिस ने बंद मकानों में चोरी करने वाले दो गिरोहों का खुलासा करते हुए दो बाल अपचारियों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। डीसीपी रवि शंकर निम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टेकराम, पवन कुमार और अनिल भाटी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले बंद मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह ने दादरी और बीटा-2 थाना क्षेत्र में कई घरों को निशाना बनाया था। अन्य चोरी की घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।
घरों में सेंध लगाने वाले दो चोर गिरोह का भंडाफोड़, 20 लाख के जेवर बरामद




