नोएडा। ग्रेटर नोएडा में श्रमिकों से मुलाकात करने जा रहे समाजवादी पार्टी के छह से अधिक नेताओं को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रदर्शनकारी मजदूरों से मिलने पहुंचे थे, लेकिन नोएडा पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया और बाद में पुलिस लाइन ले जाया गया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार मजदूरों की आवाज दबा रही है और वेतन समेत उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया, जिसके चलते उन्हें आंदोलन करना पड़ा। पांडे ने कहा कि पहले मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और हालात बिगड़ने पर लाठीचार्ज किया गया। इस दौरान डीएनडी बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, सीपीएम का एक प्रतिनिधिमंडल भी मजदूरों से मिलने पहुंचा, जिसे पुलिस ने रोक दिया, जिसके बाद वे मौके पर ही धरने पर बैठ गए। मजदूरों के मुद्दों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
नोएडा में सपा नेताओं को हाउस अरेस्ट: श्रमिकों से मिलने जा रहे थे, पुलिस ने रोका




