ग्वालियर। निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर एक दंपति द्वारा करीब 40 लोगों से लगभग 2 करोड़ रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है, जिसमें अधिकांश पीड़ित आपस में रिश्तेदार हैं। आरोप है कि अजय राठौर और उसकी पत्नी नीतू राठौर ने “मानसी इंटरप्राइजेज टू” नाम से कंपनी बनाकर लोगों को हर महीने ऊंचा रिटर्न और नए निवेशक जोड़ने पर कमीशन का लालच दिया, जिससे भरोसे में आकर कई लोगों ने बड़ी रकम निवेश कर दी। शुरुआत में कुछ समय तक मुनाफा देकर विश्वास जीत लिया गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया और दोनों आरोपी फरार हो गए। पीड़ितों के अनुसार लाखों रुपए ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए लिए गए और अब आरोपियों के मोबाइल भी बंद हैं। कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने से परेशान लोग अब पुलिस से सख्त कदम उठाने और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग कर रहे हैं।
निवेश के नाम पर 2 करोड़ की ठगी, दंपति फरार; रिश्तेदारों को बनाया शिकार




