भोपाल। सेंट्रल जेल में हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे एक बंदी ने रविवार शाम गौशाला परिसर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रायसेन जिले के बाड़ी निवासी 58 वर्षीय गुड्डू आदिवासी के रूप में हुई है, जो वर्ष 2017 से जेल में बंद था और गौशाला में गौसेवक के रूप में काम करता था। रोज की तरह वह अन्य बंदियों के साथ काम पर गया था, लेकिन शाम करीब 5:30 बजे पानी का पंप बंद करने के लिए वापस भेजे जाने के बाद काफी देर तक नहीं लौटा। तलाश करने पर जेल प्रहरी ने उसे पेड़ से रस्सी के सहारे फंदे पर लटका पाया। बताया गया है कि उसने गायों को बांधने वाली रस्सी से ही फंदा बनाया था। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक दूरी और मानसिक तनाव को वजह माना जा रहा है, जबकि कुछ विवाद की भी बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गांधी मेडिकल कॉलेज की मर्चुरी में रखवाया गया है।
भोपाल सेंट्रल जेल में उम्रकैदी ने की आत्महत्या, गौशाला में पेड़ से लगाई फांसी




