फरीदाबाद। जिले के मोहना उपमंडल स्थित कामधेनु गोशाला में रविवार देर रात कुछ युवकों द्वारा हमला और फायरिंग किए जाने से हड़कंप मच गया। गोशाला प्रबंधन के अनुसार करीब 12 युवक और एक युवती नशे की हालत में पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए शराब की बोतलें तोड़ने लगे। विरोध करने पर गोशाला की देखरेख कर रहे लोकेश अत्री के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। आरोप है कि कुछ देर बाद हमलावर दोबारा कारों और कई बाइकों से लौटे तथा एक युवक ने दो राउंड फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। भागते समय आरोपी अपनी दो बाइक मौके पर छोड़ गए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और मौके पर मिली बाइकों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गोशाला में देर रात हमला, फायरिंग से मची अफरा-तफरी




