गुरुग्राम। साइबर क्राइम पुलिस ने प्रतिष्ठित निवेश कंपनियों के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप और निवेश ऐप बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले दो अलग-अलग गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में रिटायर्ड एयर मार्शल टी.एस. चटवाल से अधिक मुनाफे का झांसा देकर 2.65 करोड़ रुपये ठगने के आरोप में छह लोगों को पकड़ा गया। इनके पास से तीन लैपटॉप, 16 मोबाइल फोन, 90 एटीएम कार्ड, 42 चेकबुक, 35 सिम कार्ड, चार फर्मों की मुहरें, दुबई वीजा और पासपोर्ट बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी पुनीत चौधरी कई बार दुबई जा चुका है और वहां सक्रिय साइबर सिंडिकेट को 200 से अधिक बैंक खाते उपलब्ध करा चुका है। वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने सेक्टर-65 से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने फर्जी कंपनियां बनाकर करीब 80 बैंक खाते खुलवाए और उन्हें देश-विदेश के साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया। आरोपियों के ठिकानों से 88 चेकबुक, 88 एटीएम कार्ड, 11 डिजिटल सिग्नेचर, आठ मोबाइल, सात रबर स्टैंप और 14 बैंक स्कैनर बरामद हुए। पुलिस के अनुसार इन खातों के खिलाफ देशभर में करीब 250 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं और करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन की जांच की जा रही है।
2.65 करोड़ की साइबर ठगी का भंडाफोड़, दो गिरोहों के 8 आरोपी गिरफ्तार




