गाजियाबाद: लोनी के ट्रॉनिका सिटी स्थित एक फैक्ट्री में सोमवार शाम खूनी वारदात से सनसनी फैल गई। कटिंग सेक्शन में काम के दौरान मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि सहकर्मी ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने अपने ही साथी के गले पर सिलाई में इस्तेमाल होने वाली धारदार कैंची से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
फैक्ट्री के कटिंग सेक्शन में फैली दहशत
यह खौफनाक वारदात ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र स्थित ‘कुनाल एंटरप्राइज’ (फैक्ट्री नंबर I-28/A-1) में घटी। मृतक की पहचान पुष्पा गार्डन (लोनी बॉर्डर) निवासी अनवेश सक्सेना के रूप में हुई है, जो फैक्ट्री में बतौर कारीगर कार्यरत थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम के वक्त कटिंग सेक्शन में अनवेश और उनके सहकर्मी सर्वेश दर्जी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते बहस इतनी उग्र हो गई कि सर्वेश ने आपा खो दिया और पास रखी लोहे की भारी कैंची उठाकर अनवेश की गर्दन पर सीधा वार कर दिया।
चीख-पुकार के बीच आरोपी फरार, केबिन में फैला खून
कैंची का वार लगते ही अनवेश लहूलुहान होकर केबिन के फर्श पर गिर पड़े। देखते ही देखते पूरा केबिन खून से लाल हो गया और फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के वक्त अनवेश का बेटा प्रिंस, भाई राजेश और कई अन्य कर्मचारी भी फैक्ट्री में ही मौजूद थे, जिनके सामने इस खूनी खेल को अंजाम देकर आरोपी सर्वेश मौके से रफूचक्कर हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थमी सांसें
सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल अनवेश को तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस की कई टीमें
घटनास्थल का मुआयना करने पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रॉनिका सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी सर्वेश दर्जी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है। फैक्ट्री के अन्य कर्मचारियों और परिजनों से पूछताछ जारी है ताकि विवाद की असली वजह का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।




