नई दिल्ली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने FIH प्रो लीग में पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 4-3 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में खेले गए मैच में भारत ने 1-0 से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी की। भारत की ओर से अभिषेक, नीलकांत शर्मा, सुखजीत सिंह और राजिंदर सिंह ने गोल किए, जबकि पाकिस्तान के लिए अहमद नदीम, कप्तान अबू महमूद और शकील मोईन ने गोल दागे। पाकिस्तान ने 10वें मिनट में बढ़त बनाई थी, लेकिन दूसरे क्वार्टर में अभिषेक और नीलकांत के गोलों से भारत ने मैच पलट दिया। तीसरे क्वार्टर में सुखजीत सिंह और अंतिम क्वार्टर में राजिंदर सिंह ने गोल कर बढ़त 4-1 कर दी। पाकिस्तान ने आखिरी मिनटों में दो गोल जरूर किए, लेकिन भारत ने बढ़त कायम रखते हुए मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना दबदबा बरकरार रखा। भारतीय टीम पिछले 10 वर्षों से पाकिस्तान के खिलाफ कोई मुकाबला नहीं हारी है और दोनों टीमों के बीच पिछले 18 मैचों में भारत 16 जीत दर्ज कर चुका है।
FIH प्रो लीग में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराया, 10 साल से बरकरार है दबदबा




