दिल्ली में खूनी खेल: रात 11 बजे फोन कर बाहर बुलाया, फिर चाचा ने साथियों संग मिलकर ली भतीजे की जान

Must read

दिल्ली के करावल नगर इलाके में देर रात रिश्तों को तार-तार कर देने वाली खूनी वारदात सामने आई है। मामूली कहासुनी के बाद एक बेरहम चाचा ने अपने साथियों के साथ मिलकर भतीजे की ताबड़तोड़ चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे भाई पर भी आरोपियों ने जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
रंजिश बनी हत्या की वजह, देर रात वारदात को दिया अंजाम
मृतक की पहचान 28 वर्षीय हिमांशु भारद्वाज के रूप में हुई है, जो शहीद भगत सिंह कॉलोनी के निवासी थे और एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। हिमांशु के परिवार में उनकी पत्नी, 5 साल की मासूम बेटी, माता-पिता, दो भाई और एक बहन हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार शाम चाचा हरीश भारद्वाज और हिमांशु एक साथ देखे गए थे। हालांकि, रात करीब 11 बजे आरोपी चाचा ने हिमांशु को फोन करके घर से बाहर बुलाया। हिमांशु जैसे ही बाहर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद हरीश, उसका बेटा और एक अन्य अज्ञात साथी उससे उलझ गए।
चाकू घोंपकर उतारा मौत के घाट, भाई भी अस्पताल में भर्ती
देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपी चाचा ने अचानक चाकू निकालकर हिमांशु पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। हिमांशु की चीख-पुकार सुनकर उसका छोटा भाई तुरंत मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में दोनों भाइयों को तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल छोटे भाई का उपचार जारी है।
पुलिस की जांच तेज, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही करावल नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी हरीश भारद्वाज और उसके सहयोगियों के खिलाफ हत्या (धारा 103 BNS) और हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article